फरीदाबाद के फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित शिव कॉलोनी में लगातार हो रही तेज बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई। देर रात बारिश के बीच बिजली के खंभे पर लगे तारों में अचानक शॉर्ट-सर्किट हो गया। जिससे खंभे से लगातार चिंगारियां निकलने लगी। यह खतरनाक मंजर देखकर इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकलने से भी घबराने लगे।
हालांकि राहत की बात यह रही कि लगातार हो रही बारिश के कारण चिंगारियों से लगी आग ज्यादा फैल नहीं पाई और एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शॉर्ट-सर्किट काफी तेज था। जिसकी चपेट में खंभे पर लगे बिजली मीटर भी आ गए।
घटना के बाद शिव कॉलोनी और आसपास के कई हिस्सों में पूरी रात बिजली गुल रही। बिजली न होने के कारण लोगों को अंधेरे में काफी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय निवासी संदीप ने बताया कि रातभर बिजली न आने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई।
वहीं लगातार बारिश के चलते बिजली विभाग की टीम तुरंत मरम्मत कार्य नहीं कर सकी। हालांकि सुबह मौसम साफ होने के बाद कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर खराब तारों को ठीक किया। जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।


