फरीदाबाद। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ने ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन हॉल में एकीकृत एमआईएस पोर्टल के सफल क्रियान्वयन हेतु क्षेत्रीय मास्टर ट्रेनर कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद सीईओ एवं उप मिशन निदेशक शिखा अंतिल ने की।
कार्यशाला का उद्देश्य आरसेटीआई योजना के अंतर्गत मास्टर ट्रेनर्स को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग हेतु तैयार करना था, जिससे वे अपने-अपने राज्यों एवं कार्यक्षेत्रों में पोर्टल का सुचारू संचालन कर सकें और लाभ अंतिम स्तर तक पहुंच सके।
इस कार्यक्रम में सात राज्यों के एसआरएलएम अधिकारी, स्टेट कंट्रोलर, स्टेट डायरेक्टर एवं आरसेटीआई प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ एचएसआरएलएम के सीईओ सुरज भान, आईएफएस (सेवानिवृत्त) के स्वागत भाषण से हुआ। इसके बाद ग्रामीण कौशल निदेशक, ग्रामीण विकास मंत्रालय केसंतोष तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का औपचारिक उद्घाटन किया।
संतोष तिवारी ने कहा कि एकीकृत एमआईएस पोर्टल केवल तकनीकी नवाचार नहीं, बल्कि पारदर्शिता, जवाबदेही एवं वास्तविक समय निगरानी सुनिश्चित करने वाली दूरगामी सुधारात्मक पहल है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को पोर्टल की विभिन्न विशेषताओं जैसे डेटा प्रबंधन, प्रशिक्षण पंजीकरण, वैच निर्माण, उपस्थिति दर्ज करना, मूल्यांकन, प्रमाणन तथा प्रशिक्षण के उपरांत फॉलो-अप प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से प्राप्त करने के उपाय भी सिखाए गए।
यह प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर्स की तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करते हुए उन्हें ग्रामीण युवाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसरों को प्रभावी रूप से पहुंचाने में सक्षम बनाएगा, जिससे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्रालय के उप महानिदेशक संजय पांडे, निदेशक संतोष तिवारी, वरिष्ठ निदेशक (आईटी) जीवीएसएन मूर्ति, अवर सचिव मैरी थॉमस, एनएमएम अबु ओसामा सैफी, एचएसआरएलएम के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


