बल्लभगढ़, संवाददाता। सांवरिया सरकार परिवार बल्लभगढ़ की ओर से 6 जून शनिवार को श्री श्याम प्रभु खाटूवाले का षष्ठम विशाल वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम चावला कॉलोनी स्थित अग्रवाल धर्मशाला ग्राउंड में आयोजित होगा।
सांवरिया सरकार परिवार के प्रधान सेतु मित्तल के अनुसार शुक्रवार 5 जून को शाम 5 बजे बाबा की निशान यात्रा बहुत धूमधाम से डी जे बैंड बाजों ढोल नगाड़ों व सुंदर सुंदर झांकियो के साथ पथवारी मंदिर चावला कॉलोनी से तिगांव रोड शीही गेट रोड मुख्य बाजार से होती हुई कार्यक्रम स्थल चावला कॉलोनी तक पहुंचेगी। इस यात्रा के दौरान निशान उठाने वाले श्याम प्रेमियों व अन्य भक्त जनों के लिए अलग-अलग स्थान पर प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा के पूर्व दिन 6 जून शनिवार को शाम सात बजे से प्रभु इच्छा तक भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें आकृति मिश्रा, श्रेष्ठ दीक्षित, अभिनव एरन,खुशराम सेठी, राजेश गोयल सहित कई भजन गायक बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति देंगे और इसमें शिवम इंटरनेशनल द्वारा म्यूजिकल कार्यक्रम किया जाएगा। सांवरिया सरकार परिवार ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाने की अपील की गई हैं।

