अगले हफ्ते से देशभर में कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार हैं। इस सर्दी का पहला बड़ा पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) 17 दिसंबर को हिमालयी राज्यों में पहुंचेगा। इसके असर से 18 से 20 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अच्छी बर्फबारी होने की संभावना है।
21 और 22 दिसंबर को पहाड़ों से बादल हटते ही तापमान तेजी से गिरेगा। तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री तक नीचे जा सकता है। उत्तर से चलने वाली ठंडी हवाएं यूपी, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और मध्य भारत तक पहुंचेंगी। इससे मैदानी इलाकों में ठंड काफी बढ़ जाएगी।
इधर, राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते सर्दी का असर कम हो गया है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई है। मध्य प्रदेश में भी अगले 3 दिन तक शीतलहर का अलर्ट नहीं है। हालांकि, पारा लगातार लुढ़क रहा है। शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा है। यहां शनिवार रात पारा 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर, हिमाचल प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने से ठंड बढ़ गई है। आज पहाड़ों पर बर्फबारी का अनुमान है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है, जिससे पारा 2-3°C और गिर सकता है।
पश्चिमी हिमालयी इलाकों में आखिरी बार 4 और 5 नवंबर को अच्छी बारिश और बर्फबारी हुई थी। इससे पहले अक्टूबर के पहले हफ्ते में 2 अक्टूबर को हल्की और 6 अक्टूबर को भारी बर्फबारी हुई थी। उस समय जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल के ऊपरी इलाकों का करीब 80% हिस्सा बर्फ से ढक गया था। अब 18-19 दिसंबर को फिर अच्छी बर्फबारी के आसार हैं।
दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए शनिवार शाम से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान’ (GRAP) के स्टेज-IV की पाबंदियां लागू कर दी गईं। कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने यहां सुबह GRAP- III की पाबंदियां लागू की थीं। GRAP-IV हवा जहरीली (AQI 450 से अधिक) होने पर लागू किया जाता है। इसे सीवियर प्लस कैटेगरी कहा जाता है। शनिवार शाम को दिल्ली-NCR के आनंद विहार में AQI 488 और बवाना में 496 पहुंच गया था।


