सुकेश चंद्रशेखर ने जेल से आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को नया लेटर लिखा है। लेटर में उसने पार्टी से जुड़े तीन और घोटाले उजागर करने की धमकी दी है।
चंद्रशेखर ने दावा किया कि दिल्ली शराब नीति और जल बोर्ड को लेकर उसके पिछले खुलासे सही साबित हुए हैं। यह लेटर गुरुवार को सामने आया। उसने आम आदमी पार्टी को घोटालों की ऑलवेज पार्टी बताते हुए पंजाब को लेकर भी चेतावनी दी है। सुकेश धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में तिहाड़ जेल में बंद हैं।
सुकेश पर कई मामलों में आपराधिक मामले चल रहे हैं। 2017 में AIADMK के ‘दो पत्ती’ चुनाव चिह्न मामले में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद 2020 में उसे तिहाड़ से रोहिणी जेल ट्रांसफर किया गया था।
2021 में सुकेश पर आरोप लगा कि उसने रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपए की ठगी की थी। इसके बाद उस पर धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया गया। फिर तिहाड़ जेल शिफ्ट कर दिया गया।
इस मामले में ED की जांच में सामने आया था कि सुकेश ने ठगी के इन पैसों से एक्ट्रेस जैकलीन को करोड़ों रुपए के कीमती गिफ्ट्स दिए थे। इसमें लग्जरी बैग, हीरे की ज्वेलरी, महंगे घोड़े और बिल्लियां शामिल थीं। इस वजह से ED ने जैकलीन को भी इस मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी बनाया था।


