मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, यूपी, राजस्थान और दिल्ली समेत 6 राज्यों से मानसून की विदाई शुरु हो गई है।राजस्थान में कम बारिश के चलते अक्टूबर से ही दिन में तेज गर्मी होने लगी है। पिलानी, चूरू, गंगानगर, जैसलमेर, फलोदी में तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ। सबसे अधिक तापमान फलोदी में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
उत्तराखंड के 5 पहाड़ी जिलों में आज बारिश की संभावना है। किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं, एक हफ्ते पहले हुई बर्फबारी के बाद आज केदारनाथ का तापमान माइनस 4°C रिकॉर्ड किया गया। नेपाल में हो रही बारिश से यूपी के गोंडा जिले के 26 गांवों में घाघरा नदी का पानी घुस गया है। बाढ़ से करीब 6 हजार लोग प्रभावित हैं। सड़कों पर नाव चल रही है। पानी में डूबने से 2 लोगों की मौत हो गई है।
बिहार के 6 जिलों में बाढ़ से 2.03 लाख लोग प्रभावित हैं। नेपाल में हो रही भारी बारिश के कारण गंडक, कोसी समेत कई नदियां उफान पर हैं। छपरा के हजलपुर गांव में बांध टूटने के बाद पानी के तेज बहाव में एक घर टूटकर बह गया।
राजस्थान में इस मानसून सीजन करीब 22 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई। कम बरसात के कारण अक्टूबर में भी दिन में तेज गर्मी महसूस हो रही है। बुधवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहा। दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंडक रही। शेखावाटी क्षेत्र के अलावा उदयपुर, सिरोही में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस या उसके करीब रहा।मध्य प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई 2 से 3 दिन में हो सकती है। IMD (मौसम केंद्र) ने यह संकेत दिए हैं। मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक, 3 दिन तक नमी की वजह से बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन किसी भी जिले में भारी बारिश का अनुमान नहीं है। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर फिलहाल थम गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज (1 अक्टूबर) प्रदेश में मौसम ड्राई रहने की संभावना है। अगले 2 दिनों में भी बारिश के आसार कम हैं। आज कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।


