फरीदाबाद। उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में तथा जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा की अध्यक्षता में जिला में 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज विभिन्न सरकारी स्कूलों में देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लेते हुए तिरंगा रैली निकाली तथा रंगोली और ड्राइंग प्रतियोगिताओं के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति अपने सम्मान एवं गौरव की भावना को प्रदर्शित किया। तिरंगा रैली कार्यक्रम राजकीय कन्या महाविद्यालय नचोली, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नंगला गुर्जर फरीदाबाद तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंगर में आयोजित किए गए।
रैलियों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया। अभियान के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय मोहना, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेवला महाराजपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बडख़ल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूपानी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुजेड़ी, राजकीय कन्या मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बल्लभगढ़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-7, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैल गांव तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआईटी-3 में तिरंगा सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए गए, जहां विद्यार्थियों और आमजन ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम राजकीय महाविद्यालय फरीदाबाद और डिवाइन पब्लिक स्कूल में आयोजित हुए, जबकि ग्रैंड कोलंबस इंटरनेशनल स्कूल में देशभक्ति से ओतप्रोत सामूहिक गायन कार्यक्रम ने सभी को भावविभोर कर दिया। विभाजन की थीम पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता राजकीय कन्या महाविद्यालय बल्लभगढ़ में आयोजित की गई तथा विभाजन की विभीषिका पर आधारित पुस्तक प्रदर्शनी राजकीय महिला महाविद्यालय फरीदाबाद में लगाई गई। इसी क्रम में सैफ्रन पब्लिक स्कूल में ‘ट्रिकलर इन ऑवर हार्ट यूनिटी इन ऑवर राइड’ विषय पर विशेष देशभक्ति गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने तिरंगे के प्रति अपने गर्व, देशभक्ति और एकता की भावना को आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।


