बीमा हॉस्पिटल स्थित कुष्ठ रोग संस्थान में सेवा, संवेदना और सम्मान का अनूठा अभियान, जरूरतमंदों के बीच मानवता का संदेश
इंदौर। मानव अधिकार मिशन महिला टीम, इंदौर ने समाज के उपेक्षित एवं जरूरतमंद वर्ग के प्रति अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए बीमा हॉस्पिटल, नंदा नगर स्थित कुष्ठ रोग संस्थान में सेवा, संवेदना और सम्मान से परिपूर्ण विशेष सेवा अभियान आयोजित किया। इस अवसर पर रोगियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संस्थान को 10 पंखे भेंट किए गए, सभी रोगियों को स्नेहपूर्वक भोजन कराया गया तथा वस्त्रों का वितरण कर उनके जीवन में अपनत्व और आत्मीयता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज से उपेक्षित लोगों को यह विश्वास दिलाना था कि वे अकेले नहीं हैं और समाज उनके साथ खड़ा है। सेवा कार्य के दौरान रोगियों के चेहरों पर आई मुस्कान ने पूरे वातावरण को भावुक और प्रेरणादायी बना दिया।
इस सेवा अभियान को सफल बनाने में मानव अधिकार मिशन महिला टीम की जिला संगठन सचिव एकता काकिरडे, कल्याण सचिव विनीता त्यागी तथा मानव सेवा सहयोगी अवंतिका राजावत एवं सुषमा मेथिल की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। महिला टीम ने सभी सहयोगियों के सेवाभाव, समर्पण और सहयोग के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर महिला टीम ने कहा कि मानव अधिकार मिशन केवल मानव अधिकारों की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, करुणा, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग पहुँचाने के लिए भी निरंतर कार्यरत है। मिशन द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याण एवं मानव सेवा के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
महिला टीम ने समाज के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे भी सेवा और सहयोग की इस मुहिम से जुड़कर जरूरतमंद लोगों के जीवन में आशा, आत्मविश्वास और सम्मान का दीप प्रज्वलित करने में अपनी सहभागिता निभाएँ।
“मानव सेवा ही सच्ची सेवा है और यही मानवता का सर्वोच्च धर्म है।”


