फरीदाबाद। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा आज हरियाणा युवा काँग्रेस के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कैंप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी को काम करने के आधार पर वोट नहीं मिले, बल्कि बीजेपी ने साम-दाम-दंड-भेद के आधार पर जनादेश लूटकर सरकार बनाई है। प्रदेश की जनता बीजेपी सरकार से दुखी है। उन्होंने हरियाणा के नौजवानों से अपील करी कि वे देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आएं। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि देश में बीजेपी की गलत नीतियों ने बेरोजगारों की फौज खड़ी कर दी है। पढ़ा-लिखा योग्य युवक रोजगार न मिलने से हताश व निराश है इसी का परिणाम है कि देश भर में युवा आंदोलन के रास्ते पर चल पड़ा है।
पकौड़े तलने को रोजगार बताने वाली बीजेपी बताए कि सारे बेरोजगार पकौड़े तलेंगे तो खरीदेगा कौन? उन्होंने कहा कि 2014 में बीजेपी ने प्रतिवर्ष 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, 12 साल हो गए इस हिसाब से 24 करोड़ रोजगार मिलने चाहिए थे। देश में इतने ही घर हैं क्या हर घर में रोजगार आया? दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि युवा अब जुमलेबाजी से तंग आ गए हैं अब बीजेपी के बहकावे में नहीं आने वाले। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा कि भाजपा ने चुनाव और चुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित करके हरियाणा, महाराष्ट्र में विधान सभा चुनाव और लोकसभा चुनाव जीता है। हरियाणा में पिछले 15 विधानसभा चुनाव में काँग्रेस को सबसे ज्यादा मत प्रतिशत 2024 में मिला। कांग्रेस पार्टी ने पिछले साल लोकसभा में 1984 के बाद दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा मत प्रतिशत अर्जित किया। जनभावना हरियाणा में बदलाव करने की थी, लेकिन भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलीभगत करके जनभावना को चुराने का काम किया है। वोट चोरी से बनाई गई बीजेपी सरकार ने हरियाणा के विकास को ही नहीं प्रदेश की राजनीति को भी पटरी से उतार दिया। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि फरीदाबाद में आम लोग बिजली, पानी, सडक़, साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे हैं। जहां-तहां कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, सडक़ों पर सीवर का पानी बह रहा है, लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
बीजेपी ने फरीदाबाद को फकीराबाद बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के समय फरीदाबाद में 700 करोड़ रुपए की लागत से ईएसआई मेडिकल कॉलेज बनाया गया। कांग्रेस सरकार के समय ही बदरपुर फ्लाईओवर का निर्माण हुआ, मेट्रो आई, फोरलेन सडक़ बनी, आईएमटी पृथला की स्थापना की गई। वार्ड, मोहल्ले, गलियों को सीमेन्टेड सडक़ों से पाट दिया गया था और पीने के पर्याप्त पानी की व्यवस्था व सीवरेज व्यवस्था को दुरूस्त किया गया था। लेकिन आज खारे पानी की समस्या पूरे फरीदाबाद में है लोगों को पीने का साफ पानी तक मिलना दुश्वार हो रहा है। लोग पानी भी खरीद कर पीने को मजबूर हैं। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज नांगल चौधरी से विधायक मंजू चौधरी के समधी व कांग्रेस के पूर्व पार्षद महेश मणि के निधन पर उनके आवास पहुँचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रदेश सरकार के मंत्री विपुल गोयल की भाभी श्रीमती रेनू गोयल जी के निधन पर उनके आवास पर पहुँचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए व परिवार से मिलकर शोक व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से साथ एआईसीसी के सचिव एवं हरियाणा कांग्रेस सह-प्रभारी प्रफुल्ल गुडधे, विधायक रघुबीर तेवतिया, विधायक मंजू चौधरी, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, बडख़ल विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी विजय प्रताप, हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशीत कटारिया, सीताराम लांबा, शिवि चौहान, रिंकू चंदेला, गुलशन बग्गा, तरुण तेवतिया, ठाकुर राजाराम, जगन डागर, सुमित गौड़, अनिल नेताजी, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, वेदपाल दायमा, संजय सोलंकी, सुरेंद्र नेताजी, पोषवाल जी, कृष्ण अत्री, फरीदाबाद युवा कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष हरीश तंवर, फरीदाबाद युवा कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष विकास दायमा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे


