अगर आप भारतीय रेल (Indian Rail) से सफर करते हैं, तो फिर ये खबर आपके लिए खास है. दरअसल, अब टिकटिंग और रिजर्वेशन प्रक्रिया में व्यापक सुधार की दिशा में कदम उठाने के लिए Indian Railway लगातार बड़े कदम उठा रही है. 1 जुलाई से जहां तत्काल टिकट बुकिंग के रूल चेंज होने वाले हैं, तो वहीं अब रेलवे बोर्ड के उस प्रपोजल पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) ने सहमति जताई है, जिसमें ट्रेन छूटने के आठ घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट (Reservation Chart) तैयार करने की बात कही गई थी.
चरणबद्ध तरीके से होगा लागू
Railway Board ने यात्री ट्रेन छूटने से आठ घंटे पहले आरक्षण चार्ट तैयार किए जाने का प्रस्ताव रखा था और इस पर सहमति जताते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं. Railway Minister ने इस प्रपोजल को चरणबद्ध तरीके से लागू करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है. ये रेलवे की ओर से ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है. खास बात ये है कि वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों के लिए ये एक बेहतर पूर्वानुमान देने में सक्षम होगा.
आखिरी समय का इंतजार होगा खत्म
रेलवे के इस कदम से अब अपनी ट्रेन टिकट की बुकिंग (Train Ticket Booking) कराने के बाद वेटिंग लिस्ट कन्फर्म होने की जानकारी यात्रियों को काफी पहले ही मिल जाएगी और उन्हें आखिरी समय का इंतजार नहीं करना होगा. ऐसे में टिकट कन्फर्म न होने वाले यात्रियों के पास अब ज्यादा समय रहेगा यात्रा के दूसरे विकल्पों का चयन करने के लिए. इस संबंध में रेल मंत्री को कई प्रस्ताव मिल रहे थे.


