अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ तनाव के बीच अमेरिका के हथियार खत्म नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारे पास दुनिया में सबसे ज्यादा हथियार हैं, जरूरत से भी ज्यादा।”
ट्रम्प का यह बयान उन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद आया है, जिनमें कहा गया था कि ईरान के साथ लगातार टकराव की वजह से अमेरिका के पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का भंडार घट रहा है।
बयान के तुरंत बाद ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कई AI तस्वीरें शेयर कीं। एक तस्वीर में ईरान के सबसे बड़े तेल निर्यात केंद्र खार्ग आइलैंड पर हवाई हमला दिखाया गया। इसके साथ उन्होंने लिखा- “स्ट्राइक ऑन खार्ग”।
इसके बाद उन्होंने कुछ और AI तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें एक ईरानी तेल टैंकर पर अमेरिकी झंडा नजर आ रहा है। एक दूसरी तस्वीर में जहाज को उड़ता हुआ दिखाया गया, जिसके साथ लिखा था- “नो मोर इंजन्स”।
ईरान में बढ़ते इलाज के खर्च के कारण बड़ी संख्या में लोग अब कर्ज लेकर अपना इलाज कराने को मजबूर हैं। ईरानी मीडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इलाज का खर्च लोगों की कमाई की तुलना में ज्यादा तेजी से बढ़ रहा है ।
रिपोर्ट के अनुसार, अब कई ईरानियों को इलाज के लिए पैसे उधार लेने, इलाज टालने या अस्पतालों और क्लीनिकों में बिल कम कराने की कोशिश करनी पड़ रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि इलाज शुरू होने से पहले मरीजों को डॉक्टर की सलाह नहीं, बल्कि कर्ज, किस्तों में भुगतान या डिस्काउंट की पेशकश की जा रही है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि देश में दवाइयों की कमी होने, अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण दवाइयों और उनके कच्चे माल का आयात प्रभावित होने की वजह से ऐसी हालत पैदा हुई है। दूसरी ओर, ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अरबईन यात्रा के लिए दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की कोई कमी नहीं है और सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


