फरीदाबाद। थाना तिगांव क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली मारने के मामले में क्राइम ब्रांच सेंट्रल फरीदाबाद की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एक गंभीर हमले की जांच के दौरान की गई, जिसमें घायल व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई थी।
पीड़ित नितिन ने 26 जून को थाना तिगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता जब अनाज मंडी स्थित प्लॉट पर पहुंचे, तो वहां घात लगाकर बैठे हमलावरों ने पिस्तौल, हथौड़े और अन्य हथियारों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गोली लगने से उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने दो आरोपी मोनू (निवासी सहासाबर, बदायूं, उत्तर प्रदेश) और मोहित (निवासी खटेला, पलवल) को गिरफ्तार किया। फिलहाल दोनों आरोपी फरीदाबाद के खेड़ी पुल स्थित इंदिरा कॉम्पलेक्स में रह रहे थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मोहित के मामा और शिकायतकर्ता के बीच प्लॉट को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।
इसी रंजिश के चलते मोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमले की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है, ताकि इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहराई से जांच की जा सके।


