फरीदाबाद। उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह के कुशल मार्गदर्शन में हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज मंगलवार को जिला के ग्राम पंचायत कनेरा ब्लॉक फरीदाबाद, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तिगांव, राजकीय संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सारन, और राजकीय संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सीकरी स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा शहर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर भारत माता की जय के नारों के साथ गूंज उठा। यह यात्रा जहां से गुजरी वहां पर उपस्थित लोग तिरंगे को सलाम करते नजर आए। यात्रा के दौरान बच्चों ने शहरवासियों को देशभक्ति का संदेश दिया और लोगों का आह्वान किया कि वे भी हर घर तिरंगा अभियान के साथ जुडे ताकि हम अपनी अखंडता और एकता की शक्ति का प्रदर्शन कर सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्राचार्यों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि हमारा तिरंगा केवल एक कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की आत्मा, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। यह हमें हमारे उन वीर सैनिकों की याद दिलाता है जो सीमा पर अपनी जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा करते हैं। आज की यह तिरंगा यात्रा न केवल देशभक्ति का संदेश देती है, बल्कि हमें यह भी याद दिलाती है कि तिरंगे की शान में हम सब एक हैं और रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों और तिरंगे के सम्मान से हम किसी तरह का कोई भी समझौता हरगिज नहीं करेंगे।
शहीद और तिरंगा देश की आन-बान व शान के प्रतीक है। शहीदों की बदौलत ही आज हम अमन-चैन की सांस ले रहे है। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के तहत शिक्षा विभाग द्वारा भाषण प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां जैसे विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से एकता और देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।


