यूपी, बिहार, हरियाणा और उत्तराखंड समेत देश के कई राज्यों में रविवार सुबह से बारिश हो रही है। राजस्थान के जयपुर और आसपास के इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। शनिवार को जयपुर, टोंक और अजमेर में 3 लोगों की आंधी-बारिश से मौत हो गई थी।
उत्तराखंड के देहरादून में सुबह से तेज बारिश हो रही है। बारिश से पहले पूरा शहर काले घने बादलों से घिर गया। इससे दिन में शाम जैसा माहौल हो गया। हरियाणा के अंबाला में भी बारिश हुई, जिससे कई कॉलोनियों में पानी भर गया है।
देश के कई शहरों में अब भी हीटवेव की स्थिति है। महाराष्ट्र का वर्धा 44.5°C तापमान के साथ देश में सबसे सबसे गर्म रहा। चंद्रपुर में 44.4°C पारा रहा। राजस्थान के जैसलमेर में 44.4°C और बाड़मेर में 44.3°C तापमान दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच तेज आंधी के साथ बारिश का दौर जारी है। भोपाल समेत 20 से ज्यादा जिलों में शनिवार को 30 से 50kmph की रफ्तार से आंधी के साथ बारिश हुई। कई जगहों पर ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार, 6 मई तक प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। रविवार को 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है।राजस्थान में रविवार को भी आंधी-बारिश होगी। जयपुर सहित आसपास के इलाकों में सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं। बादल गरजने के साथ हल्की बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को जयपुर में आंधी के साथ बारिश में एक मौत हो गई। सैकड़ों की संख्या में पेड़ गिर गए। कई इलाकों में मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।


