पिछले 15 दिन से भीषण गर्मी झेल चुके देश के बड़े हिस्से में गुरुवार को तेज हवाओं के साथ बारिश से कुछ राहत मिली। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड में आंधी-बारिश और ओले गिरने से तापमान में 3-5°C तक की गिरावट हुई।
यूपी में गुरुवार को पिछले दो दिनों के दौरान आंधी-बारिश से 17 लोगों की मौत हो गई। बिहार में भी 5 लोगों की मौत हुई है। कर्नाटक के बेंगलुरु में बुधवार रात तेज बारिश और आंधी के दौरान हुई अलग-अलग घटनाओं में मरने वालों की संख्या 10 हो गई है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह में गुरुवार को पहाड़ से ग्लेशियर टूटकर अचानक सड़क पर गिर गया। इस दौरान वहां सड़क से बर्फ हटाने में जुटे कर्मचारी और मजदूरों ने भागकर किसी तरह जान बचाई।
हालांकि, राजस्थान और महाराष्ट्र में गर्मी से कोई राहत नहीं मिली है। गुरुवार को महाराष्ट्र का चंद्रपुर देश में सबसे गर्म जगह रही। यहां तापमान 44.6°C दर्ज हुआ। राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में 44°C तापमान रहा।
दिल्ली में गुरुवार को कई इलाकों में बारिश, तेज हवा और ओले गिरे। इससे तापमान 8 से 15°C तक गिर गया। पालम में तापमान 39 से गिरकर 28 डिग्री हो गया। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में इस साल अप्रैल के दौरान 18 साल में सबसे ज्यादा 27.9 मिमी बारिश हुई। इससे पहले अप्रैल 2008 में 38.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
यूपी के ज्यादातर शहरों में शुक्रवार सुबह से बादल छाए हैं। तेज हवाएं चल रही हैं। गोरखपुर में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने राज्य के 62 जिलों में आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। पिछले 2 दिनों के दौरान राज्य में आंधी-बारिश से 17 लोगों की मौत हो चुकी है। बिहार के कई जिलों में शुक्रवार को भी आंधी के साथ तेज बारिश जारी है। बगहा में बारिश के साथ सुबह की शुरुआत हुई। पटना समेत कई शहरों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने आज 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 2 मई तक आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। 3 मई के बाद राज्य में फिर से गर्मी बढ़ सकती है।


