पीएम मोदी ने आज इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं पीएम मेलोनी का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मेरा और मेरे प्रतिनिधिमंडल को स्वागत किया। उन्होंने जॉर्जिया मेलोनी को भारत आने का न्योता दिया।
मोदी ने कहा कि रोम को दुनिया में ‘इटरनल सिटी’ कहा जाता है। भारत में मेरी लोकसभा सीट काशी को भी इसी तरह जाना जाता है। जब दो सभ्यताएं मिलती हैं, तो बातचीत सिर्फ एजेंडे तक सीमित नहीं रहती। उसमें इतिहास की गहराई, भविष्य की झलक और दोस्ती की सादगी दिखाई देती है।”
वहीं मेलोनी ने कहा कि इटली और भारत पहले से कहीं ज्यादा करीब हैं। हमारे रिश्ते अब अपनी पूरी क्षमता दिखाने की स्थिति में पहुंच चुके हैं। पिछले साढ़े तीन सालों में मेरी पीएम मोदी के साथ 7 मुलाकातें हुई हैं।
उन्होंने कहा कि इन बैठकों के दौरान हमने एक-दूसरे के नजरिए को गहराई से समझा है। हमने सम्मान और आपसी भरोसे से एक ईमानदार दोस्ती बनाई है।
स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को समझिए
भारत और इटली ने अपने रिश्तों को अब ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा दिया है। इसका मतलब है कि दोनों देश अब रक्षा, व्यापार, तकनीक, ऊर्जा और सुरक्षा जैसे अहम क्षेत्रों में पहले से ज्यादा मिलकर काम करेंगे। इससे पहले दोनों देशों के रिश्तों का दर्जा ‘स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का था।
स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप दो देशों के बीच बहुत मजबूत और भरोसेमंद रिश्तों को कहा जाता है। इसमें दोनों देश लंबे समय तक साथ काम करने की योजना बनाते हैं और बड़े मुद्दों पर एक-दूसरे का सहयोग करते हैं।
भारत पहले भी रूस, जापान, फ्रांस, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के साथ स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप बना चुका है। अब इटली भी इस खास लिस्ट में शामिल हो गया है।


