फरीदाबाद । फरीदाबाद के 28 प्राइवेट स्कूलों द्वारा RTE के तहत पात्र गरीब बच्चों को दाखिला ना देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है पहले डीईओ ने शिक्षा निदेशक को पत्र लिखकर दाखिला देने से मना करने वाले दोषी स्कूलों की मान्यता रद्द करने की सिफारिश की और अब ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन आईपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सुप्रीम कोर्ट के
वरिष्ठ एडवोकेट अशोक अग्रवाल ने शुक्रवार को मुख्यमन्त्री व मुख्यसचिव को पत्र लिखकर दोषी स्कूलों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। मुख्यमन्त्री को लिखे पत्र में अशोक अग्रवाल ने फरीदाबाद के प्राइवेट स्कूलों द्वारा राष्ट्रीय कानून RTE के घोर उल्लंघन पर और जिला शिक्षा अधिकारी फरीदाबाद द्वारा दोषी स्कूलों के खिलाफ़ उचित कार्रवाई करने के लिए शिक्षा निदेशक को लिखे दो पत्रों पर स्कूलों की सशक्त लॉबी के दबाब में कार्रवाई ना होने पर चिंता व्यक्त करते हुए दोषी स्कूलों के खिलाफ शीघ्र कार्यवाही की मांग की है और आग्रह किया है कि उन सभी पात्र बच्चों का दाखिला उन स्कूलों में कराया जाए जिनमें उनका नाम आया है।
आईपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता कैलाश शर्मा ने कहा है कि आईपा के पत्र पर मुख्यमन्त्री व मुख्यसचिव ने अगर कोई उचित कार्रवाई पीड़ित छात्रों के हित में नहीं की तो न्यायपालिका का सहारा लिया जाएगा जिसमें दोषी स्कूलों,मुख्यमन्त्री व मुख्यसचिव सहित शिक्षा निदेशक,डीईओ व डीसी फरीदाबाद को पार्टी बनाया जाएगा ।


