फरीदाबाद: राजकीय बहुतकनीकी महिला पॉलिटेक्निक, फरीदाबाद में 29 सितंबर मंगलवार, को इंटर पॉलिटेक्निक कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों की कुल 7 टीमों ने भाग लिया और खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में जी.बी.एम. गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, नीलोखेड़ी, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, आदमपुर, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, झज्जर, बी.पी.एस. महिला पॉलिटेक्निक, खानपुर कलां, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, ढांगर, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक फॉर विमेन, फरीदाबाद तथा गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक फॉर विमेन, सिरसा की टीमों ने हिस्सा लिया।
पूरी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने अपनी खेल क्षमता, अनुशासन, टीमवर्क और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया।
प्रतियोगिता के परिणाम
प्रथम स्थान: बी.पी.एस. महिला पॉलिटेक्निक, खानपुर कलां
द्वितीय स्थान: गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक फॉर विमेन, फरीदाबाद
तृतीय स्थान: गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक फॉर विमेन, सिरसा
विजेता टीमों को संस्थान की प्रधानाचार्या श्रीमती मीनू वर्मा द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सोहम ट्रस्ट की संस्थापिका इंजीनियर प्रतिमा गर्ग तथा लायन राजेश जग्गी, द्वितीय उप-जिलापाल (VDG-2), जिला 321-A, ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना रहा।


