फरीदाबाद। अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण और एनीमिया की रोकथाम को लेकर विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के हर पात्र बच्चे, गर्भवती महिला और किशोरी तक आवश्यक स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सेवाएं पहुंचाना सुनिश्चित करें। 100 दिवसीय एनीमिया उन्मूलन अभियान के तहत समय पर जांच, उपचार, आयरन-फोलिक एसिड अनुपूरण और नियमित फॉलोअप पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। 7×7×7 रणनीति के माध्यम से एनीमिया की रोकथाम एवं नियंत्रण किया जाएगा।
बैठक में विद्यालयों को टीकाकरण, एनीमिया जांच और किशोर-किशोरियों में आईएफए सेवन को बढ़ावा देने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए। पैरेंट-टीचर मीटिंग में अभिभावकों को एनीमिया और एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ अभियान के तहत छूटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें टीकाकरण से जोड़ा जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘टीकू-टीकी कॉर्नर’ के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई जाएगी। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए पात्र किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण 31 दिसंबर तक जारी रहेगा। जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि पात्र किशोरियों के लिए जिले के संबंधित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध है।
बैठक में बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ. हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज और डॉ. जयंत आहूजा समेत अधिकारी मौजूद रहे।


