कुरुक्षेत्र : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत पुरुषोत्तमपुरा बाग में 2000 वर्ग फीट एरिया में भव्य रंगोली का आयोजन किया जाएगा। इस रंगोली में राष्ट्र सेवा के रंगों के लिए अनाज, फल, फूल, पत्तों सहित अन्य सामग्री का प्रयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत कुरुक्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। विश्व प्रसिद्ध ब्रह्मसरोवर पर भव्य रंगोली, रक्तदान शिविर, आशीर्वाद का दीया और ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा वीरवार को लघु सचिवालय के वीडियो कांफ्रेंस सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। इससे पहले मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान को लेकर कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं, उत्सव व कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने इन कार्यक्रमों को लेकर सभी तैयारियों के लिए अलग-अलग विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद का दीया अभियान में केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इस अभियान से जोड़ा जाए और उनके घरों पर दीया जलाकर उनके अनुभवों को सामने लाया जाए। इसके साथ ही पिछले 12 वर्षों में जिले में विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों तथा इनसे लोगों के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेरे सपनों का भारत थीम पर स्कूलों, कॉलेजों में ड्राइंग व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नमो सेवा- अनकही कहानियों को प्रस्तुत किया जाएगा, जो देश में विकास कार्यों और योजनाओं से नागरिकों के जीवन में हुए परिवर्तन को प्रदर्शित किया जाएगा। इसी तरह आंगन सेवा मिलन कार्यक्रम के तहत तीन दिनों तक आंगनवाडी केंद्रों उत्सव मनाए जाएंगे। बच्चों, महिलाओं व युवा वर्ग को स्वास्थ्य व अन्य जानकारियां मुहैया करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से नागरिकों के जीवन में हुए बदलाव की कहानियों को उनकी जुबानी से प्रस्तुत करवाया जाएगा, ताकि दूसरों को सीख मिल सके। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सेवा के रंग, राष्ट्र के संग थीम पर ब्रह्मसरोवर को अच्छे से सजाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग व सामाजिक संस्थान मिलकर सजावट के कार्य को कर रहे हैं। इसी तरह सेवा मेरा योगदान के तहत अलग-अलग प्रकार के 25 कामों को किया जाएगा। इन कामें में आमजन की भागीदारी होगी।


