कुरुक्षेत्र : मोहड़ी स्थित आदेश मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में फिजियोथेरेपी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिसका विषय हृदय संबंधी रोगों और स्ट्रोक की रोकथाम प्रबंधन एवं पुनर्वास में फिजियोथेरेपी की भूमिका पर रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आमजन को स्वस्थ जीवनशैली तथा समय पर फिजियोथेरेपी उपचार के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आदेश ग्रुप के चेयरमैन डॉ . एच.एस. गिल, आदेश ग्रुप के निदेशक गुरफतेह सिंह गिल तथा आदेश अस्पताल के निदेशक डॉ. गुणतास सिंह गिल ने दीप प्रज्वलित करके किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न संस्थानों के प्रधानाचार्य, चिकित्सक, शिक्षक एवं अस्पताल के अधिकारी मौजूद रहे। आदेश फिजियोथेरेपी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय कुमार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम, उपचार के बाद स्वास्थ्य लाभ तथा मरीज को दोबारा सामान्य जीवन में लौटाने में फिजियोथेरेपी की महत्वपूर्ण भूमिका है। समय पर उपचार और नियमित व्यायाम से मरीज की शारीरिक क्षमता एवं जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जागरूकता पर आधारित लघु नाटिका और समूह नृत्य प्रस्तुत किया।
इनके माध्यम से स्ट्रोक से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली तथा समय पर फिजियोथेरेपी करवाने का संदेश दिया गया। इसके अलावा पोस्टर मेकिंग और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
200 से अधिक मरीजों ने लिया निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर का लाभ।
विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर आदेश अस्पताल की फिजियोथेरेपी ओपीडी में निःशुल्क फिजियोथेरेपी शिविर लगाया गया। शिविर में विशेषज्ञों द्वारा 200 से अधिक मरीजों की जांच एवं परामर्श किया गया तथा उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुसार व्यायाम संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
रक्तदान शिविर में विद्यार्थियों और स्टाफ ने किया रक्तदान
विश्व फिजियोथेरेपी दिवस समारोह की कड़ी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के साथ आगे बढ़ाया गया। कॉलेज के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए अपना योगदान दिया। पूरे आयोजन के माध्यम से फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा और समय पर पुनर्वास उपचार के महत्व का संदेश दिया गया। इस अवसर पर प्रिंसिपल डॉ. एन. एस. लाम्बा, डॉ. नरेश ज्योति आदि मौजूद रहे।
आदेश अस्पताल में विश्व फिजियोथेरेपी दिवस मनाते डॉ. एच. एस. गिल के साथ डॉक्टर व अन्य स्टाफ।


