फरीदाबाद। पुलिस की अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच सेंट्रल टीम ने एक व्यक्ति के अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव जुनहैडा निवासी राहुल ने थाना तिगांव में शिकायत दी थी कि उसकी जान-पहचान आरोपी डॉक्टर ललितेश कांत से थी, जिसका अपनी पत्नी के साथ केस चल रहा है। शिकायतकर्ता राहुल ने डॉक्टर ललितेश की पत्नी की मदद की थी, जिससे आरोपी रंजिश रखने लगा।
राहुल ने बताया कि 2 जुलाई की रात वह अपने दोस्तों के साथ कांवरा मोड़ पर खड़ा था, तभी एक काली स्कॉर्पियो आकर रुकी। गाड़ी में आरोपी ललितेश कांत, कुलभूषण, मैनेजर व गोविंद सवार थे, जिन्होंने जबरदस्ती राहुल को गाड़ी में बैठा लिया और कुलभूषण के घर ले गए। वहां चुन्नी से उसके हाथ-पैर बांधकर बुरी तरह पीटा गया और रात को के.आर. मंगलम स्कूल के सामने फेंक दिया गया।
घटना की सूचना पर थाना भूपानी में मामला दर्ज हुआ और मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच सेंट्रल को जांच सौंपी गई। टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए ललितेश कांत (सेक्टर-88), गोविंद (भारत कॉलोनी) और ललितेश मिश्रा (सेक्टर-89) को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल किया है। तीनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि गहराई से पूछताछ की जा सके।


