तमिलनाडु में एक्टर विजय की पार्टी TVK को समर्थन देने से नाराज द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने कांग्रेस से अपना गठबंधन खत्म कर दिया है। DMK ने लोकसभा में कांग्रेस सांसदों के साथ ना बैठने का फैसला किया है।
सांसद कनिमोझी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को लेटर लिखकर सिटिंग अरेंजमेंट बदलने की मांग की है। कनिमोझी ने कहा कि बदलते हालातों में कांग्रेस सांसदों के साथ बैठना उचित नहीं है। लोकसभा में 22 सांसदों वाली DMK, विपक्षी INDIA गठबंधन की चौथी सबसे बड़ी पार्टी है।
इससे पहले INDIA गठबंधन के लोकसभा में दूसरे सबसे बड़े दल समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को ममता बनर्जी और एमके स्टालिन से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा था- हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें।
लोकसभा में स्पीकर के दायीं तरफ सत्ता पक्ष के सांसद बैठते हैं। दायीं तरफ सबसे आगे की पंक्ति में आमतौर पर प्रधानमंत्री बैठते हैं। उनके साथ गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, वित्त मंत्री जैसे वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री को जगह दी जाती है।
स्पीकर की बायीं तरफ विपक्षी दल बैठते हैं। DMK सांसद टीआर बालु और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी विपक्ष के मुख्य 8वें ब्लॉक की पहली लाइन में जबकि अखिलेश यादव 6वें ब्लॉक की पहली लाइन में बैठते हैं। वहीं DMK सांसद ए राजा और कनिमोझी 8वें ब्लॉक की दूसरी लाइन में बैठते हैं।
दरअसल, INDIA गठबंधन की सत्ताधारी पार्टी DMK तमिलनाडु में और TMC पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों में हार गई है। INDIA गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में TMC से अलग चुनाव लड़ा था। वहीं तमिलनाडु में रिजल्ट के बाद विजय की पार्टी TVK को समर्थन दिया है। तमिलनाडु में एक्टर विजय ने 2024 में TVK पार्टी बनाई थी। विधानसभा चुनावों TVK ने 108 सीटों पर जीत हासिल की है।


