नेपाल में भारी बारिश के बाद गंडक समेत उत्तर बिहार की नदियां उफान पर हैं। 6 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इससे 1.59 लाख लोग प्रभावित हैं। बगहा-बेतिया में 4 जगह तटबंध टूटने के बाद बुधवार सुबह सारण में भी बांध टूट गया। निचले इलाकों में तेजी से पानी भर रहा है। राज्य के 17 जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ समेत पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों से मानसून लौट चुका है। इसके चलते प्रदेश में बारिश कम हो गई है।
हालांकि, पड़ोसी राज्यों में हो रही बारिश से घाघरा, सरयू समेत 8 से ज्यादा नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को लखीमपुर में मंदिर 2 सेकंड में शारदा नदी में समा गया।
आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के पडेरू में बारिश के बाद कई इलाकों में घना कोहरा दिखा। तापमान में भी गिरावट आई है। सुबह के समय लोग हेडलाइट जलाकर गाड़ी चलाते देखे गए।
उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बीच मौसम में बदलाव जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए चेतावनी जारी नहीं की है। हिमाचल प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून विदाई से पहले कमजोर पड़ गया है। शिमला समेत राज्य के अधिकांश भागों में आज सुबह से ही अच्छी धूप खिली है।मौसम विभाग (IMD) के अनुसार परिस्थितियां अनुकूल रही तो अगले दो से तीन दिन में प्रदेश से मानसून की विदाई हो सकती है। साल 2025 में मानसून की विदाई 26 सितंबर को हुई थी, जबकि सामान्य तारीख 25 सितंबर थी।


