बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बनने से बुधवार को 20 राज्यों में अच्छी बारिश हुई। अगले 4 दिनों तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत 15 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश के बनारस में घाटों की सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है। हरिश्चंद्र घाट पर शवदाह स्थल डूब गया है। घाट की ऊपरी सीढ़ियों पर चिताएं जलाई जा रही हैं। लोगों को 2 से 3 घंटे तक शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। उन्नाव मे सड़क पर नाव चलानी पड़ी।
राजस्थान के 5 से ज्यादा जिलों में बुधवार को तेज बारिश हुई। जयपुर में 4 घंटे से ज्यादा पानी बरसा। पानी से भरे गड्ढे के कारण बस पलट गई। बारिश और पेड़ गिरने से शहर के ज्यादातर हिस्सों में ट्रैफिक जाम रहा।
उधर, उत्तराखंड के देहरादून-मसूरी मार्ग पर लैंडस्लाइड के चलते मलबा सड़क पर आ गिरा। इससे दोनों ओर करीब 10 किमी लंबा जाम लग गया। राज्य के 9 जिलों में 67 सड़कें बंद हैं।
राजस्थान की गंगापुर सिटी में गुरुवार को विजय पैलेस रोड पर स्टूडेंट्स से भरी निजी स्कूल बस सड़क पर बने गहरे गड्ढे में फंस गई। बस का पहिया गड्ढे में फंसने के बाद वह अचानक एक ओर झुक गई और पलटने की स्थिति में पहुंच गई थी। हालांकि, समय रहते सभी स्टूडेंट्स को बस से उतार लिया गया था।
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार, 13 अगस्त को मौसम ज्यादातर सूखा रहा। कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने गुरुवार को 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
स्टेट इमर्जेंसी सेंटर के मुताबिक, हिमाचल में 200 सड़कें बंद हैं। मंडी में सबसे ज्यादा 64 सड़कें, कुल्लू में 60, शिमला में 32, चंबा में 24, सिरमौर में 6, कांगड़ा में 5, ऊना में 4, लाहौल-स्पीति में 3 और किन्नौर में 2 सड़कों पर ट्रैफिक पूरी तरह से बंद है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित असम के लिए 10 करोड़ रुपए की मदद का ऐलान किया है। यह राशि मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जाएगी। असम में बाढ़ से अब तक 103 लोगों की मौत हो चुकी है और राहत-बचाव जारी है।
असम सरकार राहत और पुनर्वास पर करीब 1,000 करोड़ रुपए खर्च करेगी। नुकसान का आकलन मोबाइल ऐप से किया जा रहा है। अब तक 8,325 परिवारों का सर्वे हो चुका है और इसे 15 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।


