देश में भीषण गर्मी का असर तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश के 50 जिलों में लू चल रही है। प्रदेश का बांदा शनिवार को देश में सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार के कई जिलों में रविवार को मौसम ने करवट ली। सुपौल, रक्सौल और मधुबनी समेत 10 जिलों में तेज बारिश हुई। दरभंगा में काले बादल से दिन में अंधेरा छा गया। किशनगंज में तेज आंधी और बारिश की वजह कई जगह पेड़ उखड़ गए।
मध्य प्रदेश के इंदौर और ग्वालियर जिले में आंगनवाड़ी केंद्र और 8वीं तक के सभी स्कूल 27 से 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे। हिमाचल प्रदेश के ऊना में तापमान 42.2°C रहा। यहां 27 अप्रैल से बारिश का अनुमान भी है।
गर्मी बढ़ने के साथ देश में बिजली की मांग 252.07 गीगावॉट (GW) तक पहुंच गई, जो अब तक सबसे ज्यादा है। इससे पहले मई 2024 में 250 GW का रिकॉर्ड बना था। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के 10 राज्यों में हीटवेव और वार्म नाइट का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में तेज गर्मी के बीच अचानक मौसम बदल गया। बीकानेर, सीकर, सवाई माधोपुर और बाड़मेर जिले में शनिवार को बारिश हुई। राजसमंद जिले में बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं बिहार के सुपौल, किशनगंज और मधुबनी में शनिवार को तेज बारिश हुई।
वर्ल्ड वेदर ऑर्गनाइजेशन ने अपने पूर्वानुमान में संशोधन कर कहा है कि अल नीनो कंडीशन मई से ही डेवलप होने की आशंका है। इसका मानसून पर नकारात्मक असर होगा। इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने कहा था कि इस वर्ष बारिश सामान्य से कम हो सकती है।


