ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के अंदर 314km की दूरी पर उड़ रहे एक विमान को मार गिराया था। रक्षा मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, संघर्ष के दौरान पाकिस्तान ने एयरस्पेस खुला रखा और सिविल फ्लाइट्स भी चलती रहीं। इससे नागरिक विमानों के निशाना बनने का खतरा था। लेकिन एयरफोर्स ने पाकिस्तानी सैन्य विमानों को पहचानकर मार गिराया।
रिपोर्ट में गिराए गए विमान को स्पेशल मिशन एयरक्राफ्ट कहा गया है। हालांकि, वायुसेना के अफसर पहले बता चुके हैं कि यह पाकिस्तान का AWACS विमान था, जो हवा में खतरे और टारगेट की एकसाथ पहचान करता है। इसे हवाई कमांड सेंटर भी कहा जाता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यह भारत की तरफ से जमीन से हवा में किया गया सबसे लंबी दूरी का हमला था। इससे साफ हुआ कि दूरी दुश्मन के विमान को भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम से नहीं बचा सकती।
रिपोर्ट के मुताबिक, S-400 ने पाकिस्तानी विमान के खतरे को ट्रैक किया। इसके बाद लंबी दूरी की जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल को टारगेट की तरफ गाइड किया गया। मिसाइल ने पाकिस्तानी विमान पर सटीक निशाना लगाया।
S-400 ट्रायम्फ रूस का एडवांस्ड मिसाइल सिस्टम है, जिसे 2007 में लॉन्च किया गया था। यह सिस्टम फाइटर जेट, बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइल, ड्रोन और स्टेल्थ विमानों तक को मार गिरा सकता है।
यह हवा में कई तरह के खतरों से बचाव के लिए एक मजबूत ढाल की तरह काम करता है। दुनिया के बेहद आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम में इसकी गिनती होती है।
22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों के खिलाफ 7 से 10 मई तक ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इसी दौरान पाकिस्तानी सेना का विमान मारा भारतीय सेना ने मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।


