पुणे में केतन अग्रवाल मर्डर केस में नया खुलासा हुआ है। केतन के हेयर विग लगाने को हत्या के पीछे की वजह बताने पर पिता विशाल अग्रवाल ने कहा- सिया और उसके परिवार को पता था कि केतन सिर पर विग का एक पैच लगाता था। उसे पसंद नहीं था तो वह मना कर सकती थी लेकिया क्या यह किसी को मारने की वजह हो सकती है?
वहीं पुलिस पूछताछ में सिया ने बताया कि उसने केतन से कहा था कि वह उससे शादी करना नहीं चाहती, लेकिन वह सगाई तोड़ने को तैयार नहीं था। केतन का कहना था कि अब बहुत देर हो चुकी है।
सिया और केतन 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। इसी दौरान केतन की खाई में गिरने से मौत हो गई। सिया पर अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर मंगेतर की हत्या करने का आरोप है। दोनों फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
लोहगढ़ किले में केतन की बॉडी निकालने में मदद करने वाले सुनील गायकवाड़ ने दावा किया कि घटना के बाद लोग घबराए हुए थे और मदद के लिए चिल्ला रहे थे, लेकिन सिया गोयल शांत थी। वह न रोईं और न ही कोई पछतावा दिखाया।
इससे पहले किले के गार्ड धीरज जाधव ने बताया कि उन्होंने चेतन और सिया की चीख सुनी थी। मौके पर पहुंचने पर सिया ने उन्हें बताया कि कोई खाई में गिर गया है। इसके बाद गार्ड ने पुलिस को सूचना दी।
केतन की हत्या के एक दिन पहले 17 जून को आरोपी सिया और प्रेमी चेतन चौधरी एक कैफे में मिले थे। न्यूज एजेंसी IANS ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि यहीं लोहगढ़ किले पर केतन को खाई में धक्का देने का प्लान बनाया था।
दोनों ने वह पॉइंट भी ढूंढ लिया, जहां से केतन को धक्का देना था। यदि केतन इससे भी बच जाता तो 20 जून के बाद सड़क हादसे में मारने का बैकअप प्लान तैयार था।
दरअसल, 31 मई को सिया और मंगेतर केतन लोहगढ़ किले गए थे। वहां केतन एक खतरनाक जगह बैठा था। तभी सिया को उसे मारने का आइडिया आया।
14 जून को भी केतन को धक्का देने की कोशिश की गई थी। उस समय सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाकर घटना को हादसा बताने की कोशिश की थी, लेकिन केतन बच गया था।
केतन मर्डर केस में उसकी मंगेतर सिया और सिया के लवर चेतन को 7 दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, सिया और चेतन चौधरी एक-दूसरे को इस मर्डर का मास्टरमाइंड बता रहे।
पुलिस ने बुधवार को दोनों से आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की। इस दौरान दोनों का रवैया बदला हुआ था। चेतन ने पुलिस से कहा कि वह सिया के साथ भागना चाहता था, लेकिन वह तैयार नहीं थी। पूरा प्लान सिया ने ही बनाया था।
सिया ने कहा कि हत्या का आइडिया चेतन का था। 14 जून को पहली बार केतन को मारने की कोशिश नाकाम होने पर चेतन उसके सामने रोया था। हालांकि जांच अधिकारियों ने कहा कि ये आरोपियों की डिफेंस स्ट्रेटेजी हो सकती है।


