पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार शाम वीडियो मैसेज जारी कर चुनाव जीतने का दावा किया। ममता ने कहा- हम बंगाल में मां, माटी और मानुष की सरकार बनने जा रहे हैं। TMC बंगाल में 294 में से 226 से ज्यादा सीटें जीतकर फिर से सत्ता में लौटेगी।
ममता ने कहा एग्जिट पोल भाजपा के इशारे पर दिखाए गए, ताकि TMC कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ा जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों ने चुनाव के दौरान भाजपा के एजेंट की तरह काम किया।
बंगाल की सभी 294 सीटों पर 23 और 29 अप्रैल को दो फेज में रिकॉर्ड 92.84% वोटिंग हुई। बंगाल के अलावा तमिलनाडु में 23 अप्रैल, केरलम, असम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। 4 मई को सभी राज्यों के चुनाव परिणाम आएंगे।
पांचों राज्यों में चुनाव के एग्जिट पोल बुधवार शाम को जारी हुए। बंगाल के 7 एग्जिट पोल में से 5 में भाजपा, 2 में TMC सरकार का अनुमान जताया गया है। तमिलनाडु के 9 एग्जिट पोल में 6 में DMK+ की वापसी की संभावना जताई गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एग्जिट पोल पर तहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस गठबंधन में है, वहां उसे बढ़त मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि तमिलनाडु और केरलम में कांग्रेस गठबंधन को साफ बहुमत मिलेगा, जबकि असम में पार्टी एग्जिट पोल से ज्यादा सीटें जीतेगी।
खड़गे ने कहा कि पुडुचेरी में कांग्रेस ने कड़ा मुकाबला किया है और बंगाल में पार्टी की लड़ाई अपने संगठन को मजबूत करने के लिए रही। खड़गे ने बंगाल में TMC से गठबंधन पर कहा- देखते हैं, अभी कुछ कहना ठीक नहीं होगा। साफ तस्वीर के लिए दो दिन इंतजार करते हैं।
खड़गे ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भाजपा ने केंद्रीय बलों के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की, ताकि TMC को कड़ी चुनौती दी जा सके। उन्होंने कहा कि नतीजों के लिए 4 मई तक इंतजार करना होगा, तब साफ तस्वीर सामने आएगी।
बंगाल के चीफ इलेक्शन ऑफिसर मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि 29 अप्रैल को बंगाल में सेकेंड फेज चुनाव के दौरान 77 EVM में छेड़छाड़ के मामले सामने आए। उन्होंने 2 मई से पहले उन बूथों पर दोबारा मतदान के संकेत दिए।


