जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं। पिछले दो दिनों में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। पुंछ और राजौरी के बाढ़ प्रभावित इलाकों में सात लोग अब भी लापता हैं। लगातार बारिश के कारण राहत और बचाव अभियान प्रभावित हुआ।
सोमवार को भारी बारिश के बाद असम के गुवाहाटी में लैंडस्लाइड हुई। इसके बाद नेशनल हाईवे-715 का एक हिस्सा पानी में डूब गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य के 12 जिलों में 1.70 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।
एमपी के लगभग 90% हिस्से में अगले 4 दिन यानी 23 जुलाई तक हल्की बारिश का दौर बना रहेगा। राजस्थान में दो हफ्ते बाद मानसून एक बार फिर एक्टिव होने से जयपुर समेत 33 जिलों में बारिश का अलर्ट है।
राजौरी और पुंछ में बारिश के कारण हुई मौतों के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। जम्मू-कश्मीर में बारिश से संबंधित घटनाओं में अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है।
Vअसम के सिबसागर जिले में दारिका नदी के बाढ़ के पानी कई इलाकों तक पहुंच गया है। सड़कें पानी में डूब गई हैं और निचले इलाकों में दो-दो फीट तक पानी भर गया है।
मध्य प्रदेश में मंगलवार को मुरैना, भिंड, दमोह और कटनी में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल और सीहोर में रात भर से हल्की, लेकिन लगातार बारिश हो रही है। रायसेन, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा और खरगोन में भी बारिश का अनुमान है।


