मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। MP टूरिज्म का पर्यटकों से भरा क्रूज तूफान के बीच डूब गया।
शुक्रवार सुबह तक 5 शव बरामद कर लिए गए। 22 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। जबकि 15 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार क्रूज में 8 से 10 और शव होने की आशंका है।
पुलिस और प्रशासन के मुताबिक क्रूज में करीब 40 से 45 पर्यटक सवार थे। हादसा डैम किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुआ। यहां करीब 20 फीट गहराई है।
बरगी सिटी CSP अंजुल मिश्रा ने बताया कि शुरुआती रेस्क्यू में SDRF ने कई लोगों को बचाया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम से राहत कार्य प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह से फिर रेस्क्यू जारी है।
अंधेरा और बारिश के बीच SDRF टॉर्च की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रही है। क्रूज को रस्सियों से बांधकर किनारे लाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली।
भारतीय सेना की टीम भी रेस्क्यू में जुटी। हैदराबाद से स्पेशल टीम और एक हेलीकॉप्टर भी रवाना किया गया है, जबकि कोलकाता से पैरामिलिट्री टीम जबलपुर पहुंच चुकी है।
हाइड्रोलिक मशीन की मदद से नदी क्षेत्र को पाटकर क्रूज तक पहुंचने और फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार क्रूज को जेसीबी और नाव की मदद से लगभग 30 मीटर तक खींचा गया, लेकिन आगे नहीं बढ़ सका। अब पोकलेन मशीन और भारी उपकरणों से उसे किनारे लाने का प्रयास जारी है। साथ ही गड्ढा खोदने की तैयारी भी की जा रही है।
क्रूज पायलट महेश ने बताया कि वह 10 साल से सेवा में है और सभी सुरक्षा उपकरण मौजूद थे, लेकिन तूफान इतनी तेजी से आया कि यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने का मौका नहीं मिला। अधिकारियों के मुताबिक मृतकों और लापता लोगों की संख्या में बदलाव संभव है क्योंकि रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।


