देश में भीषण गर्मी जारी है। राजस्थान, यूपी और महाराष्ट्र के 7 शहरों में रविवार को तापमान 46°C के पार चला गया। महाराष्ट्र का अकोला 46.9°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा।
अमरावती 46.8°C, बांदा 46.6°C, वर्धा और बाड़मेर 46.4°C, जैसलमेर और यवतमाल 46°C तापमान के साथ हीटवेव की चपेट में हैं। इस बीच राजस्थान के बीकानेर और गंगानगर में सोमवार को बारिश के साथ ओले गिरे।
यूपी के 60 जिलों में लू का अलर्ट है। मध्य प्रदेश के खजुराहो में पहली बार तापमान 45°C पहुंचा। इंदौर-भोपाल में भी पारा 43°C पर बना हुआ है। उत्तराखंड के देहरादून में गर्मी के चलते 12वीं तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
बिहार के 8 जिलों में रविवार को पारा 40°C के पार चला गया। यहां गर्मी से दो मौतों की खबर है। नेपाल बॉर्डर से सटे जिलों में आंधी और बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। ओडिशा में जनगणना के काम में लगे दो शिक्षकों की पिछले दो दिनों में हीटस्ट्रोक से मौत हो गई।
राजस्थान में रविवार को दिनभर तेज धूप, गर्मी के बाद शाम करीब 4 बजे बाद जैसलमेर, बीकानेर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, भोपालगढ़ (जोधपुर) के आसपास बादल छाए। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को 5 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है
बिहार के कई जिलों में रविवार को मौसम ने करवट ली। सुपौल, रक्सौल और मधुबनी समेत 10 जिलों में जोरदार बारिश हुई। दरभंगा में काले बादल से दिन में अंधेरा छा गया। किशनगंज में तेज आंधी और बारिश की वजह कई जगह पेड़ उखड़ गए। कटिहार में तेज आंधी-बारिश से आम की फसलों को नुकसान पहुंचा।
मध्य प्रदेश के महू, भोपाल, सीहोर और रतलाम समेत कई इलाकों में बारिश हुई। महू में शाम करीब 4 बजे तेज बारिश हुई। भोपाल के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। सीहोर और रतलाम में भी अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
मध्य प्रदेश के टूरिस्ट स्पॉट खजुराहो में पहली बार तापमान 45°C पहुंच गया। वहीं इंदौर और भोपाल में पारा 43°C, जबलपुर में 43.5°C दर्ज किया गया। आज राज्य के 13 जिलों में लू का अलर्ट है। जबकि इंदौर और उज्जैन में वार्म नाइट की चेतावनी है।


