कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार रात भगदड़ के दो वीडियो सामने आए हैं। 27 सेकेंड के एक वीडियो में बारिश के बीच सैकड़ों लोग दौड़ते हुए पंडाल में घुसते दिख रहे हैं।
पंडाल के अंदर के एक अन्य वीडियो में संकरे रास्ते में लोगों की भारी भीड़ फंसी दिख रही है। लोग एक-दूसरे से सटकर खड़े थे और दबाव के कारण हिलने-डुलने तक की जगह नहीं थी। महिलाएं और बच्चे मदद के लिए चीख रहे थे।
हादसे में 19 लोगों की मौत हुई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 5 मरीज ICU में भर्ती हैं। पुलिस ने पूजा कमेटी के सचिव और उपाध्यक्ष समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ के मामले में गिरफ्तार सात लोगों को पुलिस ने रविवार को स्थानीय अदालत में पेश किया। अदालत ने सभी को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का समय नहीं है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसी घटना के बाद राजनीतिक व्यवस्था के कुछ लोग आरोप-प्रत्यारोप में पूरी तरह उतर आए। राजनीतिक पोस्टमार्टम हो सकता है, लेकिन वह बाद में होना चाहिए। सबसे पहले कीमती जिंदगियां गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया है कि क्या-क्या कदम उठाए गए हैं। मैं उनसे सहमत हो सकता हूं या असहमत, लेकिन राजनीतिक पोस्टमार्टम के लिए अभी इंतजार करना चाहिए।
भगदड़ के बाद घायलों को सरकारी अस्पताल से प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने पर विवाद खड़ा हो गया है। ममता के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के प्रवक्ता और विधायक कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि कोलकाता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज शुरू होने के बाद घायलों को दूसरे अस्पताल में भेज दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इलाज के बीच मरीजों को क्यों शिफ्ट किया गया।
कुणाल घोष ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि अमित शाह के अस्पताल दौरे के दौरान सरकार की अच्छी छवि दिखाने के लिए घायलों को निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। उन्होंने आशंका जताई कि इससे मरीजों से मुलाकात करना और हादसे के बारे में उनकी बात जानना मुश्किल हो सकता है।
कोलकाता भगदड़ के दौरान बिहार के मुजफ्फरपुर के अभिषेक कुमार श्रीवास्तव और उनके बेटे आयुष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई।
अभिषेक की पत्नी निवा कुमारी भी उनके साथ थीं। मृतक के भाई राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि परिवार दुर्गा पूजा घूमने कोलकाता आया था।
हालांकि, सीएम अधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले 19 लोगों में एक बिहार का रहने वाला था।
CM शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कोलकाता भगदड़ की जांच हाईकोर्ट के मौजूदा जज करेंगे। कमेटी की सिफारिशें मिलने के एक से डेढ़ महीने के भीतर जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी जाएगी।
उन्होंने पिछली CPM और TMC सरकारों पर उनके कार्यकाल में गठित आयोगों की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करने का आरोप भी लगाया।
विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने अक्टूबर 2025 में भारी बारिश और दार्जिलिंग में हुई आपदा का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों के कामकाज पर सवाल उठाए।


