सुवेंदु अधिकारी शनिवार को पश्चिम बंगाल में BJP के पहले मुख्यमंत्री बन गए। सुवेंदु ने बांग्ला में ईश्वर के नाम की शपथ ली। शपथ के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री को झुककर प्रणाम किया।
सुवेंदु के साथ 5 और विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टूडू और निषिथ प्रमाणिक शामिल रहे।
कार्यक्रम में PM मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान समेत कई केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। NDA और BJP शासित राज्यों के 20 मुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में पहुंचे।
PM रोड शो करते हुए कार्यक्रम में पहुंचे, मंच पर रवींद्रनाथ टैगोर को उनकी जयंती पर श्रद्धाजंलि दी। इसके बाद वे भाजपा के 98 साल के कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के पास गए, उन्हें शॉल ओढ़ाया और पैर छुए।
शपथ के बाद हरियाणा CM नायब सैनी, बिहार CM सम्राट चौधरी, उत्तराखंड CM पुष्कर सिंह धामी, दिल्ली CM रेखा गुप्ता, सिक्किम के CM प्रेम सिंह तमांग, अरुणाचल के CM पेमा खांडू और मेघालय CM कॉनराड संगमा ने एयरपोर्ट पर नजर आए। उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाया।
बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत के बाद मुख्यमंत्री बनने पर सुवेंदु अधिकारी को बधाई दी। शेख हसीना, फिल्हाल भारत में ही शरण लिए हुए हैं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को नागपुर में कहा कि पश्चिम बंगाल में BJP की शानदार जीत दिखाती है कि पार्टी की विचारधारा को अब वहां के लोगों के बीच पहचान मिल गई है।राज्य में सत्ता परिवर्तन बंगाल के विकास का रास्ता बनाएगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री गडकरी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में सुवेंदु अधिकारी के शपथ समारोह में शामिल होने से पहले एजेंसी से बात कर रहे थे। BJP ने हाल ही में हुए चुनावों में 294 सदस्यों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में 207 सीटें हासिल कीं, जिससे तृणमूल कांग्रेस (TMC) का 15 साल का शासन खत्म हो गया और पूर्वी भारत में उसकी सबसे बड़ी सफलता की कहानी लिखी। भवानीपुर विधानसभा सीट पर TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के पहले BJP मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।


