कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने पीएम मोदी से सुसाइड करने वाले NEET स्टूडेंट्स के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने की मांग की है। दीपके ने शुक्रवार को पीएम को पत्र भी लिखा है।
इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की। उन्होंने लिखा कि देश का माहौल युवाओं के जीवन और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर छात्रों और अभिभावकों में निराशा और बढ़ सकती है।
उधर, CJP कल यानी 20 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर फिर से प्रदर्शन करेगी। इससे पहले नागपुर, जयपुर, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और अमृतसर में प्रदर्शन कर चुकी है।
36 दिनों में 12 छात्रों ने सुसाइड किया देश में पिछले 36 दिनों में NEET एग्जाम से जुड़े 12 छात्र-छात्राएं सुसाइड कर चुके। इंदौर में NEET की तैयारी कर रही छात्रा गुरुवार देर रात तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरी। गंभीर हालत में उसे पहले निजी अस्पताल और फिर एमवाय हॉस्पिटल पहुंचाया गया। शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। छात्रा के गिरने का वीडियो भी सामने आया है।
देश भर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी है। इसी मामले में हाल ही में सोशल मीडिया से शुरू हुआ संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) देश के अलग-अलग राज्यों में प्रधान के इस्तीफे के लिए मांग कर रहा है।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई। 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करते हैं।
इस टिप्पणी के अगले दिन, 16 मई को अमेरिका में रह रहे अभिजीत दीपके ने CJP की शुरुआत की और सोशल मीडिया पर पार्टी के अकाउंट बनाए। 22 मई को उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक ऑनलाइन याचिका शुरू की, जिसे 8 लाख से अधिक लोगों का समर्थन मिलने का दावा किया गया।
10 जून तक CJP ते इंस्टाग्राम पर 2.27 करोड़ फॉलोअर्स थे। अब इसमें दो लाख की गिरावट आई है। फिर भी यह संख्या भाजपा के 94 लाख और कांग्रेस के 1.37 करोड़ फॉलोअर्स से ज्यादा है। एक्स पर CJP के 2.79 लाख फॉलोअर्स हैं।


