पलवल,18 अगस्त। (वंदना) हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव मीना कंबोज ने पलवल बाल कल्याण परिषद का दौरा कर जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों का निरीक्षण किया। पलवल पहुंचने पर जिला बाल कल्याण अधिकारी पिंकी मोर ने मानद महासचिव मीना कंबोज को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी पिंकी मोर ने मानद महासचिव मीना कंबोज को परिषद द्वारा जिले में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई केंद्र एवं ब्यूटीशियन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। नागरिक अस्पताल पलवल में बाल संगम केंद्र चलाया जा रहा है। केंद्र में बच्चों के लिए खेल एवं खिलौनों की व्यवस्था की गई है।
मानद महासचिव मीना कंबोज ने परिषद द्वारा संचालित योजनाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के प्रत्येक जिले का दौरा कर बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों एवं महिलाओं तक पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर हैडक्वार्टर बाल कल्याण अधिकारी सरोज बाला,जिला बाल कल्याण परिषद पलवल के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
About Us

QUICK LINKS
QUICK LINKS
- Disclaimer
- Terms & Conditions
- Privacy Policy

